मुजफ्फरपुर : जिले में साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है जिला प्रशासन के द्वारा 23 दिसम्बर 2025 को प्रसिद्ध साहित्यकार, स्वतंत्रता सेनानी एवं चिंतक रामबृक्ष बेनीपुरी की जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा यह कार्यक्रम जिला परिषद सभागार में पूर्वाह्न 10 बजे से प्रारंभ होगा
इस प्रतियोगिता में जिले के सभी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 9 से 12) के छात्र-छात्राएँ भाग ले सकते हैं
भाषण प्रतियोगिता का विषय “ रामबृक्ष बेनीपुरी जी का व्यक्तित्व” निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रतिभागी उनके साहित्यिक योगदान, सामाजिक सरोकारों, स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका एवं जनचेतना पर विचार प्रस्तुत करेंगे वहीं चित्रकला प्रतियोगिता का विषय “ रामबृक्ष बेनीपुरी जी की दृष्टि में ग्रामीण भारत” रखा गया है, जिसके माध्यम से छात्र ग्रामीण जीवन, सामाजिक यथार्थ और मानवीय संवेदनाओं को रेखांकित करेंगे
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपना आर्ट मटेरियल स्वयं लाना होगा ड्राइंग शीट एवं पेंसिल जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी प्रतिभागी चित्रकला के लिए किसी भी माध्यम अथवा रंग का प्रयोग कर सकेंगे प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु आवेदन पत्र जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं, जिसकी अंतिम तिथि 21 दिसम्बर 2025 निर्धारित की गई है
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास करना, बेनीपुरी जी के साहित्य, विचारों और सामाजिक मूल्यों से उन्हें परिचित कराना तथा छात्रों के मध्य राष्ट्रीयता, सामाजिक न्याय, मानवता और जनचेतना जैसे मूल्यों का संवर्धन करना है साथ ही यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करेगी तथा उनकी कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति कौशल और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करेगी इस प्रकार का आयोजन स्थानीय साहित्यिक विरासत से जुड़ाव बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्रीय सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ करेगा
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी ई-मेल आईडी dacomuzaffarpur@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं
इसी क्रम में, जिले में बौद्ध धरोहरों के संरक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है बौद्ध धरोहरों को सहेजने के उद्देश्य से 13 देशों की कुल 108 बौद्ध भिक्षुणियों की यात्रा 22 दिसम्बर 2025 को मुजफ्फरपुर जिले के बखरा एवं वीरपुर गांव में प्रस्तावित है इस अंतरराष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए विभिन्न अधिकारियों के दायित्व निर्धारित किए गए हैं
जारी आदेश के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिम एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरैया को दोनों कार्यक्रम स्थलों का वरीय प्रभार सौंपा गया है उन्हें आवश्यक पर्यवेक्षण, अनुश्रवण एवं विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 22 दिसम्बर को प्रातः 8:00 बजे से 9:00 बजे तक बखरा गांव में प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा
इसके पश्चात उसी दिन अपराह्न 1:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक वीरपुर गांव में प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें बौद्ध भिक्षुणियाँ बौद्ध धरोहरों, शांति, करुणा एवं मानवता के संदेश का प्रसार करेंगी
जिला प्रशासन द्वारा इन दोनों आयोजनों को सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है साहित्यिक आयोजन और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध यात्रा, दोनों ही कार्यक्रम मुजफ्फरपुर जिले की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करेंगे