निरीक्षण के दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की भौतिक संरचना, सड़क, बिजली, जल निकासी, प्रदूषण नियंत्रण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित उद्यमियों से औद्योगिक क्षेत्र में कार्य संचालन के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जानने-समझने का प्रयास किया
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका उद्देश्य उद्योगों को सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उद्यमी निर्बाध रूप से अपने उत्पादन कार्य को संचालित कर सकें
इसके उपरांत बियाडा के कांफ्रेंस हॉल में जिलाधिकारी ने उद्यमियों के साथ संवाद स्थापित किया संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र अथवा किसी भी प्रोडक्शन यूनिट से संबंधित समस्या, शिकायत या सुझाव उद्यमी लिखित रूप में प्रस्तुत करें जिला स्तर से संबंधित विषयों का समाधान संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा, वहीं नीतिगत पहलुओं से जुड़े मामलों को राज्य सरकार के समक्ष आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा जाएगा जिलाधिकारी ने यह भी आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों पर की गई कृत कार्रवाई से संबंधित उद्यमियों को भी अवगत कराया जाएगा, ताकि पारदर्शिता एवं विश्वास का वातावरण बना रहे
जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने उपस्थित उद्यमियों को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आगामी संवाद कार्यक्रम की तिथि की भी जानकारी दी उन्होंने बताया कि अगला संवाद कार्यक्रम 3 जनवरी 2026, दिन शनिवार को आयोजित किया जाएगा इसके अतिरिक्त उन्होंने साप्ताहिक रूप से आयोजित होने वाले संवाद कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने हेतु प्रत्येक गुरुवार को प्राप्त आवेदनों के विधिवत संधारण के लिए एक पंजी संधारित करने का निर्देश जीएम डीआईसी को दिया, ताकि समस्याओं के समाधान की प्रगति का नियमित अनुश्रवण किया जा सके
विदित हो कि जिले में उद्योगों एवं उद्यमियों के विकास को गति प्रदान करने, निवेश के अनुकूल वातावरण सृजित करने तथा रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक बियाडा परिसर में नियमित संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की महत्वपूर्ण पहल की गई है
यह पहल उद्यमियों और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करेगी, जिससे समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से समाधान तथा जिले का समग्र विकास होगा
आज के संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों ने मौखिक रूप से भी अपनी कई समस्याएं एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा राज्य स्तर से संबंधित नीतिगत समस्याओं का समाधान संबंधित विभागों को भेजने तथा कृत कार्रवाई से अवगत कराने का भरोसा दिया
उद्यमियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र के विकास से संबंधित जिन प्रमुख मुद्दों को उठाया गया, उनमें औद्योगिक क्षेत्र में बिजली के सीमेंट पोल को हटाकर लोहे के पोल की स्थापना, बिजली बिल में सुधार, औद्योगिक परिसर में उड़ने वाले धूल-कणों की समस्या एवं प्रदूषण नियंत्रण, ईएसआई निबंधन से संबंधित कठिनाइयाँ, सड़कों का चौड़ीकरण, पार्किंग की समुचित व्यवस्था, अग्निशमन के लिए समयबद्ध रूप से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) निर्गत करना, अतिक्रमण हटाने, नाला एवं जल निकासी की समस्या, स्ट्रीट लाइट की स्थापना, लोअर लैंड में जलजमाव की समस्या का समाधान, फंड एवं सब्सिडी से संबंधित समस्याएँ तथा जीएसटी से जुड़े विषय प्रमुख रहे
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु प्रशासनिक स्तर पर कई कार्य पहले से प्रगति पर हैं तथा कुछ कार्य वर्तमान में निविदा प्रक्रिया में हैं उन्होंने जिला स्तर की शिकायतों, समस्याओं एवं सुझावों के समाधान हेतु संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा उसकी जानकारी उद्यमियों को भी देने का निर्देश दिया
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि उद्यमियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और उनके प्रोडक्शन यूनिट का कार्य संचालन निर्बाध रूप से जारी रहे उन्होंने कहा कि उद्योगों का सुचारु संचालन न केवल जिले की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगे
जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने यह भी कहा कि वे स्वयं प्रत्येक सप्ताह संवाद कार्यक्रम में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे और उद्यमियों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों का लिखित आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करेंगे उन्होंने यह प्रतिबद्धता व्यक्त की कि जिला प्रशासन उद्योगों एवं उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से संवेदनशील एवं उत्तरदायी है
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार उद्योगों एवं उद्यमियों के विकास, रोजगार के नए अवसर सृजित करने, युवाओं के कौशल विकास तथा समग्र विकास की अवधारणा को साकार करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है जिला प्रशासन और उद्यमियों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से निश्चित रूप से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और मुजफ्फरपुर विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर होता रहेगा