Saturday, March 07 2026

शिक्षा, सिंचाई और आजीविका पर फोकस : पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में जिलाधिकारी का निर्णायक कदम

FIRSTLOOK BIHAR 15:16 PM बिहार

मुजफ्फरपुर : पंचायतों को सशक्त बनाने, ग्रामीण विकास योजनाओं को मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने मुसहरी प्रखंड अंतर्गत मधुबनी पंचायत सहित कई अन्य स्थलों का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया इस दौरान जिलाधिकारी ने न केवल चल रही एवं प्रस्तावित योजनाओं की जांच की, बल्कि संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मधुबनी पंचायत में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के निर्माण कार्य का निर्देश देते हुए कहा कि यह भवन सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा



जिलाधिकारी ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं जवाबदेही के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए



इसके साथ ही ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जीविका दीदियों के लिए पंचायत में जीविका भवन बनाने को कहा साथ ही उप विकास आयुक्त को मनरेगा से खेल मैदान तथा मनरेगा पार्क के निर्माण करने का भी निर्देश दिया जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से किया जाय उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय मधुबनी का भी निरीक्षण किया उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति तथा शैक्षणिक वातावरण के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा बच्चों के लिए लाइब्रेरी निर्माण करने का निर्देश दिया उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले में न केवल विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में सुधार हो बल्कि शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सुधार परिलक्षित हो जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता इसके अलावा जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन को पूरी तरह से क्रियाशील बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया

उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण जनता के लिए प्रशासन से सीधे जुड़ने का केंद्र है, इसलिए यहां नियमित रूप से कार्य हो और आमजन को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुलभता से मिले साथ ही पंचायत में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के नियमित रूप से खुलने, सेविका-सहायिका की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विभागीय मानक के अनुरूप पोषाहार वितरण प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मधुबनी पंचायत के ग्रामीणों से भी फीडबैक प्राप्त किया ग्रामीणों ने मृदा जांच कराने की मांग की इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद प्रखंड कृषि पदाधिकारी मुसहरी को मिट्टी का सैंपल लेकर जांच करने तथा किसानों को अवगत कराने का निर्देश दिया इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मधुबनी पंचायत के निकटवर्ती तिरहुत नहर परियोजना का भी निरीक्षण किया उन्होंने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि नहर परियोजना को आगामी खरीफ मौसम में चालू किया जाए तथा जून माह से किसानों को नहर के पानी से लाभान्वित किया जाए जिलाधिकारी ने कहा कि सिंचाई सुविधा किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए अपने निरीक्षण क्रम को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी ने बाजार समिति स्थित नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का भी निरीक्षण किया

उन्होंने भवन की संरचना, सुविधाओं एवं उपयोगिता की समीक्षा करते हुए कहा कि इस भवन का उपयोग प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारने का निर्देश दिया उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं को गुणवत्ता के साथ ससमय पूरा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचाना भी है उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जहां भी कमी पाई जाएगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी यह निरीक्षण अभियान पंचायतों के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है

Related Post