मुजफ्फरपुर : जिले में शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय हो गया है आमजन, विशेषकर गरीब, असहाय एवं बेसहारा व्यक्तियों को ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर कंबल वितरण एवं अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिया है कि ठंड के कारण किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को कठिनाई का सामना न करना पड़े
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक द्वारा मोतीपुर स्थित गांधी कुष्ठ आश्रम में जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच 60 कंबलों का वितरण किया गया
इसके साथ ही मुजफ्फरपुर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच 40 कंबलों का वितरण किया गया है यह पहल उन लोगों के लिए अत्यंत सहायक साबित हो रही है, जो खुले में अथवा अस्थायी ठिकानों पर अपना जीवन बसर कर रहे हैं
इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी कंबल वितरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है मुरौल, पारू, बोचहा, मीनापुर, गायघाट सहित अन्य प्रखंडों में जरूरतमंद व्यक्तियों एवं परिवारों के बीच कंबल वितरित किए गए हैं जिलाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि स्थानीय स्तर पर जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जाए
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्रों में तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने प्रखंड क्षेत्रों में कंबल वितरण की सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है उन्होंने स्पष्ट कहा है कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाए कि सहायता वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे
ठंड से बचाव के लिए केवल कंबल वितरण ही नहीं, बल्कि प्रत्येक अंचल में सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास तथा जरूरतमंद परिवारों एवं टोलों में अलाव जलाने की भी व्यवस्था की गई है अलाव की यह व्यवस्था विशेष रूप से रात्रि के समय अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है, जब तापमान अत्यधिक गिर जाता है
जिलाधिकारी ने अलाव जलाने की व्यवस्था की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया है इस क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी तथा अपर समाहर्ता (राजस्व) को प्रतिदिन अलाव एवं कंबल वितरण से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है, ताकि राहत कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें
जिला प्रशासन की इस मानवीय पहल से जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिल रही है आमजनों ने भी जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की है