मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिला के स्थापना दिवस को इस वर्ष भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं इसी क्रम में जिला स्थापना दिवस के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे, जहां आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा अधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे गए
बैठक में जानकारी दी गई कि 1 जनवरी 2026 को मुजफ्फरपुर जिला का स्थापना दिवस खुदीराम बोस स्टेडियम में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा
जिला स्थापना दिवस के सफल संचालन तथा विधिवत आयोजन के लिए कई समिति का गठन किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं कार्यक्रम का उद्घाटन 1 जनवरी को मध्याह्न 12:00 बजे खुदीराम बोस स्टेडियम में किया जाएगा
उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम ने बैठक के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें सौंपे गए कार्यों को समय से पूर्व, गुणवत्तापूर्ण एवं समन्वय के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला स्थापना दिवस जिले की पहचान, गौरव एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी से अपने-अपने दायित्व का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे इन कार्यक्रमों में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक संस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत एवं नृत्य की झलक देखने को मिलेगी लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा
इसके साथ ही, स्कूली बच्चों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला, क्विज, रंगोली एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, ज्ञान और जिले के इतिहास के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का उद्देश्य रखा गया है
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो सके
बैठक में नगर निगम को विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि खुदीराम बोस स्टेडियम परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण का कार्य समय पर सुनिश्चित किया जाए कार्यक्रम स्थल को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया
इस अवसर पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं अतिथियों के स्वागत-सत्कार से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी बैठक में चर्चा की गई अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों एवं प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाएं
उप विकास आयुक्त ने अंत में कहा कि जिला स्थापना दिवस का यह आयोजन जनभागीदारी, सांस्कृतिक समरसता एवं प्रशासनिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण होना चाहिए उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने की अपील की, ताकि मुजफ्फरपुर जिला का स्थापना दिवस जिलेवासियों के लिए एक स्मरणीय एवं प्रेरणादायी आयोजन बन सके
जिला प्रशासन द्वारा की जा रही इन तैयारियों से यह स्पष्ट है कि इस वर्ष मुजफ्फरपुर जिला स्थापना दिवस को नई ऊर्जा, उत्साह और गौरव के साथ मनाने की पूरी तैयारी है, जिसमें प्रशासन के साथ-साथ आमजन और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी
बैठक में उपस्थित अधिकारियों में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अरविंद कुमार सिन्हा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा) सुजीत कुमार दास, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका अनीशा सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे