मुजफ्फरपुर : सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कुंजी है किसान निबंधन, मुजफ्फरपुर में 8–9 जनवरी को विशेष अभियान, प्रशासन सख्त
निबंधन से ही सुरक्षित होंगे किसानों के अधिकार, सरकारी योजनाओं का प्रवेश द्वार खोलने को जिला प्रशासन का विशेष अभियान
मुजफ्फरपुर : जिले में किसानों के निबंधन, फसल उत्पादकता में वृद्धि तथा किसानों के हितों की सुरक्षा एवं संवर्धन से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने स्पष्ट किया कि अधिकाधिक किसानों का निबंधन कर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है इसी उद्देश्य से उन्होंने किसानों के निबंधन को विशेष अभियान के रूप में संचालित करने का निर्देश दिया है
इस क्रम में जिलाधिकारी ने बुधवार को सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की और सभी का दायित्व निर्धारित किया
उन्होंने निर्देश दिया कि 8 जनवरी और 9 जनवरी को जिले के सभी प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर कैंप मोड में किसानों का निबंधन कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि गुरुवार को प्रत्येक कर्मी को न्यूनतम 150 किसानों के निबंधन का लक्ष्य दिया गया है इसके साथ ही प्रखंडों के सभी वरीय पदाधिकारियों को दोनों दिन अपने-अपने प्रखंडों का भ्रमण कर पंचायतवार किसानों के निबंधन कार्य में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को सक्रिय एवं तत्पर होकर परिणामोन्मुखी कार्य करने का निर्देश दिया
अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है साथ ही निबंधन स्थल के बारे में पूर्व सूचना देकर अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ेगी और किसानों को समय पर सही जानकारी मिल सकेगी
मॉनिटरिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दोनों दिनों के अभियान के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक दिन अपराह्न 4:00 बजे तक सभी अंचलाधिकारी उस दिन की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से भेजेंगे इसके बाद समेकित प्रतिवेदन अपर समाहर्ता राजस्व को प्रस्तुत करेंगे जिसके आधार पर जिलाधिकारी स्वयं प्रत्येक दिन शाम 5:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंचलवार किसानों के निबंधन कार्य की प्रगति की समीक्षा करेंगे
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों के निबंधन में प्रदर्शन के आधार पर अधिकारियों के प्रति सख्त और प्रेरक दोनों तरह का रुख अपनाया सर्वश्रेष्ठ एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए बंदरा के अंचलाधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का निर्देश दिया गया वहीं, सबसे खराब प्रदर्शन के आधार पर कुढ़नी के राजस्व अधिकारी का वेतन स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया है जिलाधिकारी ने साफ कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के निबंधन कार्य में कोताही एवं लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी इस कार्य की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है इसके अलावा अपर समाहर्ता राजस्व को कांटी एवं कुढ़नी प्रखंड का भ्रमण कर अपेक्षित सुधार एवं प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है
उन्होंने प्रखंडों के सभी वरीय पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे सक्रिय एवं तत्पर रहते हुए अधिक से अधिक किसानों को निबंधन से आच्छादित करें और इस विशेष अभियान को पूर्ण सफलता तक पहुंचाएं
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों का निबंधन केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उनके अधिकारों की सुरक्षा और योजनाओं के लाभ का प्रवेश द्वार है
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस विशेष अभियान के माध्यम से किसानों के निबंधन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचेगा
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व श्री प्रशांत कुमार, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था श्री सुधीर कुमार सिन्हा, प्रभारी पदाधिकारी राजस्व सहित कृषि विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी अंचलाधिकारी, सभी राजस्व अधिकारी तथा राजस्व कर्मी बैठक से जुड़े रहे