मुजफ्फरपुर : ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, पंचायतों को सशक्त एवं सुविधा संपन्न बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सतत रूप से प्रयासरत है इसी क्रम में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने मुसहरी प्रखंड अंतर्गत मधुबनी पंचायत सहित अन्य पंचायतों का भ्रमण कर संचालित विकास कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मधुबनी पंचायत में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया
उन्होंने जीविका भवन, विवाह मंडप भवन, खेल मैदान, मनरेगा पार्क तथा आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण एवं संचालन की स्थिति का निरीक्षण किया
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया तथा कहा कि पंचायत स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और युवाओं तक पहुंचना चाहिए
जिलाधिकारी ने जीविका भवन के निरीक्षण के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं विवाह मंडप भवन को सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी बताते हुए भवन के गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं समुचित रखरखाव की व्यवस्था का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को कम खर्च में सुविधाएं उपलब्ध हो सकें खेल मैदान और मनरेगा पार्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने युवाओं और बच्चों के लिए खेलकूद एवं मनोरंजन की सुविधाओं को बढ़ाने पर बल दिया
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली पोषण सेवाओं की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मियों को सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया
इस दौरान जिलाधिकारी ने मधुबनी पंचायत में किसानों के निबंधन के लिए लगाए गए विशेष कैंप का भी निरीक्षण किया उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को पंचायत अंतर्गत सभी पात्र किसानों का निबंधन सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया, ताकि किसानों को फसल बीमा, अनुदान एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं पंचायतों को मजबूत किए बिना गांवों का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय में वृद्धि, रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं का विकास प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से पंचायतों का निरीक्षण करें, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें
निरीक्षण के दौरान प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, कर्मी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे