Saturday, March 07 2026

मेगा ऋण वितरण शिविर में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, लक्ष्य पूरा करने वाले बैंक होंगे प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

FIRSTLOOK BIHAR 01:38 AM बिहार

जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की की समीक्षा

मुजफ्फरपुर : जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत आयोजित मेगा ऋण वितरण शिविर की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (PMEGP) फेज-1 एवं फेज-2, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की स्थिति पर चर्चा की गई बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री सेन ने कहा कि जिले के युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है



उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा इस उद्देश्य से अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि युवा वर्ग को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े और वे अपने जिले में ही उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें



इसी कड़ी में आज इस मेगा ऋण शिविर का आयोजन किया गया है, जिससे पात्र लाभुकों को त्वरित रूप से ऋण उपलब्ध कराया जा सके

ऋण स्वीकृति एवं वितरण की स्थिति

समीक्षा के क्रम में बताया गया कि मेगा ऋण शिविर के माध्यम से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत 8 लाभुकों को 56.68 लाख रुपये ऋण की स्वीकृति प्रदान की गई वहीं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत 20 लाभुकों को 250.31 लाख रुपये ऋण की स्वीकृति दी गई, जिनमें से 8 लाभुकों को 72.05 लाख रुपये की राशि का वितरण भी किया गया इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 20 लाभुकों को 20 लाख रुपये ऋण की स्वीकृति एवं भुगतान सुनिश्चित किया गया जिलाधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सतत मॉनिटरिंग की जाए

लक्ष्य पूरा करने वाले बैंकों को मिलेगा प्रशस्ति पत्र

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन बैंकों द्वारा इन योजनाओं के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य की उपलब्धि प्राप्त की जाएगी, उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा इस क्रम में बैठक में पंजाब नेशनल बैंक एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की गई

अनुपस्थिति और खराब प्रदर्शन पर सख्त रुख

वहीं दूसरी ओर, इंडियन बैंक के जिला बैंक समन्वयक की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की

उन्होंने निर्देश दिया कि इस संबंध में उनके वरीय प्रबंधन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराई जाए इसके साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों—जैसे बिहार ग्रामीण बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र एवं अन्य निजी बैंक—द्वारा सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में अपेक्षित रुचि नहीं लेने पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया गया जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना अनिवार्य है इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें अंत में जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग एवं बैंक अधिकारियों को सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने को कहा, ताकि मुजफ्फरपुर जिला आर्थिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू सके

अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता

ऋण शिविर एवं समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, संयुक्त निदेशक उद्योग विभाग श्री संजय सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्री विजय शंकर प्रसाद, क्षेत्रीय प्रबंधक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया श्री कुमार नीलोत्पल सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे

Related Post