किसान हित में प्रशासन सख्त: 17 कर्मी से स्पष्टीकरण,
50% से कम प्रदर्शन वाले कर्मी पर होगी निलंबन की कार्रवाई, उत्कृष्ट कर्मियों को मिलेगा सम्मान
जिलाधिकारी ने की गहन समीक्षा
मुजफ्फरपुर : किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन द्वारा फार्मर रजिस्ट्री अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है इसी क्रम में जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने अंचलवार एवं गांववार फार्मर रजिस्ट्री कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सक्रियता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का स्पष्ट निर्देश दिया
जिला पदाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है
इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें
प्रतिदिन टास्क, प्रतिदिन समीक्षा
फार्मर रजिस्ट्री कार्य को गति देने के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा प्रतिदिन अगले दिन का लक्ष्य (टास्क) निर्धारित किया जा रहा है तथा उसके अनुरूप किए गए कार्य की समीक्षा की जा रही है इसके अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर स्वयं जिला पदाधिकारी फील्ड विजिट कर अंचलों में पंचायतवार कड़ाई से समीक्षा कर रहे हैं, जिसका परिणाम स्पष्ट परिलक्षित हो रहा है तथा राज्य स्तर पर लगातार प्रथम स्थान कायम रखा है
उन्होंने वरीय अधिकारियों और बीडीओ , सीओ को लक्ष्यभेदी टिप्स देते हुए कहा कि पूरे टीम के साथ गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करें, छूटे हुए किसानों का लिस्ट बनायें, उन्हें तथा पंचायत प्रतिनिधियों को फोन से सूचित करायें तथा मॉबिलाइज कर सीएससी अथवा कैंप में उनका निबंधन सुनिश्चित करें इसी सोच के साथ हर अंचल में कंट्रोल रूम गठित करें, सूचना संप्रेषण से लेकर फील्ड आधारित मॉनिटरिंग को प्राथमिकता दी जाय
विशेष अभियान की अवधि बढ़ी
उल्लेखनीय है कि फार्मर रजिस्ट्री का तृतीय चरण का विशेष अभियान 2 फरवरी से 6 फरवरी तक निर्धारित था किसानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस अभियान की अवधि को बढ़ाकर 11 फरवरी तक कर दिया गया है इसका उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र किसान निबंधन से वंचित न रह जाए और उसे सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके
जीविका कर्मियों की अहम भूमिका
जिला पदाधिकारी ने जीविका कर्मियों को विशेष रूप से निर्देश दिया है कि वे गांव स्तर पर किसानों का मोबिलाइजेशन करें और उन्हें कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) तक लाकर निबंधन सुनिश्चित कराएं
इसके अतिरिक्त सभी अंचलाधिकारियों को अपने-अपने अंचल में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) गठित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके
हर गांव के छूटे हुए किसानों की पहचान कर उनकी रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के लिए राजस्व कर्मचारी, अमीन एवं विकास मित्रों को विशेष अभियान में अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर मिशन मोड में सक्रिय होकर कार्य करने का निर्देश दिया गया है
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, 17 राजस्व कर्मी से स्पष्टीकरण
फार्मर रजिस्ट्री कार्य की गंभीरता एवं प्राथमिकता को रेखांकित करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक गांव में लो परफॉर्मिंग कर्मियों की पहचान की जाए ऐसे कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त की जाय फलस्वरुप अपर समाहर्ता राजस्व द्वारा न्यूनतम प्रदर्शन वाले 17 राजस्व कर्मियों को चिह्नित करते हुए स्पष्टीकरण किया गया है
जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि सोमवार तक जिन कर्मियों का प्रदर्शन 50 प्रतिशत से कम पाया जाएगा, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी वहीं दूसरी ओर, उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि कर्मियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा एवं उत्साह बना रहे
पीएम किसान एवं नए जमाबंदी किसानों पर विशेष फोकस
जिला पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों तथा नए जमाबंदी वाले किसानों का निबंधन समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया है
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी
स्टेट रैंकिंग में मुजफ्फरपुर अव्वल
यदि आंकड़ों की बात की जाए तो मुजफ्फरपुर जिला ने आज 6522 फार्मर रजिस्ट्री के साथ राज्य स्तर पर पुनः प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उपलब्धि को कायम रखा है जिले में अब तक कुल 2,17,021 किसानों का निबंधन किया जा चुका है, जिनमें से 1,24,019 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े हुए हैं
प्रखंडवार स्थिति इस प्रकार है—
पारु : 20,516
बरूराज : 19,482
कुढ़नी : 18,827
मीनापुर : 17,567
गायघाट : 15,972
ये आंकड़े दर्शाते हैं कि जिले में फार्मर रजिस्ट्री अभियान प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है
रविवार को भी चलेगा अभियान, होगी कड़ी समीक्षा
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि रविवार को भी फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरे अभियान के रूप में जारी रहेगा