Saturday, March 07 2026

धान अधिप्राप्ति को लेकर मुजफ्फरपुर डीएम ने की समीक्षा बैठक,लक्ष्य प्राप्ति और भुगतान को लेकर दिए कड़े निर्देश

FIRSTLOOK BIHAR 05:22 AM बिहार

मुजफ्फरपुर : जिले में धान अधिप्राप्ति कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक की गई बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा अधिप्राप्ति से जुड़ी अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर ने बताया कि चालू विपणन मौसम में जिले को 1,05,547 मीट्रिक टन धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है



इसके विरुद्ध अब तक 309 समितियों के माध्यम से 11,138 किसानों से कुल 72,612.31 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 68.80 प्रतिशत है



यह प्रगति संतोषजनक बताई गई, तथापि लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि के लिए और प्रयास तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया गया

किसानों के भुगतान की स्थिति पर जानकारी देते हुए बताया गया कि अब तक 10,575 किसानों को भुगतान किया जा चुका है, जो कुल किसानों का लगभग 94 प्रतिशत है शेष किसानों के भुगतान की प्रक्रिया जारी है और इसे शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए

बैठक में अधिप्राप्त धान के समतुल्य सीएमआर की आपूर्ति की भी समीक्षा की गई बताया गया कि 49,870 मीट्रिक टन सीएमआर के विरुद्ध अब तक 12,993 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति बिहार राज्य खाद्य निगम को की जा चुकी है अधिकारियों ने बताया कि एफआरके (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) की अनुपलब्धता के कारण सीएमआर की आपूर्ति की गति प्रभावित हो रही है, जिससे चक्रीय व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर आपूर्ति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए

जिला पदाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति की विस्तारित अंतिम तिथि 31.03.2026 को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया कि सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों के पास उपलब्ध धान की प्राथमिकता के आधार पर खरीद सुनिश्चित कराई जाए

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रहे

साथ ही सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को नियमित रूप से धान का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया अनियमितता पाए जाने पर संबंधित समिति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई

जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, मुजफ्फरपुर को निर्देशित किया गया कि अधिप्राप्त धान के समतुल्य सीएमआर की प्राप्ति में तेजी लाई जाए, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके

बैठक में स्पष्ट किया गया कि धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध एवं किसान हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे

Related Post