होली एवं आने वाले पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है
इसी क्रम में जिला परिवहन कार्यालय, मद्य-निषेध विभाग एवं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट, बिना कागजात एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है
इन बैठकों के माध्यम से पर्व-त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील की जा रही है, साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया जा रहा है
जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने कहा —
“जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है विद्यार्थियों की पढ़ाई, बुजुर्गों के स्वास्थ्य एवं महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए डीजे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है
होली एवं अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान कोई भी व्यक्ति यदि विधि-व्यवस्था भंग करने, अशांति फैलाने या आपसी सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी
सभी नागरिकों से अपील है कि पर्व को प्रेम, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें”
कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध डीजे संचालन, शराब पीकर वाहन चलाना, हुड़दंग, अफवाह फैलाना, जबरन रंग लगाना या किसी भी प्रकार से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग एवं निगरानी लगातार जारी है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से सख्ती से निपटा जा सके
विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु 17 सेक्टर पेट्रोलिंग वरीय पदाधिकारी, कुल 317 दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों तथा सशस्त्र /लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई
सोशल मीडिया पर अश्लील एवं भड़काऊ पोस्ट करने वालों तथा जातिगत एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले पोस्ट पर की जाएगी सख्त कार्रवाई