उन्होंने साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो
साथ ही, उन्होंने कहा कि रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के संबंध में विशेष सतर्कता बरती जाए प्रत्येक थाना क्षेत्र से निकलने वाले जुलूसों की संख्या, मार्ग एवं समय का विस्तृत विवरण तैयार कर सूचीबद्ध किया जाए तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए
जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को निर्देशित किया कि जुलूसों के लिए जारी किए जाने वाले लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए उन्होंने नदी एवं तालाबों के किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, नाव एवं गोताखोरों की तैनाती करने तथा सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाए तथा पुलिस की नियमित गश्ती बढ़ाई जाए इसके अतिरिक्त, भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रत्येक शनिवार को अंचल स्तर पर सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया इसमें संबंधित थानाध्यक्ष की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है इस कार्य की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी
बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से संबंधित मामलों की समीक्षा भी की गई जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन मामलों से संबंधित प्रतिवेदन समयबद्ध तरीके से प्रेषित किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो
सड़क सुरक्षा को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में पूर्व में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए जा चुके हैं इन स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर एवं आवश्यक साइनेज लगाए गए हैं इसके अलावा, चार नए ब्लैक स्पॉट की पहचान की गई है, जिन पर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ितों को शीघ्र राहत प्रदान करने के लिए हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया साथ ही, उन्होंने ‘गुड सेमेरिटन’ योजना के तहत आम नागरिकों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने पर बल दिया
इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता पहुंचाने तथा उन्हें अस्पताल तक ले जाने वाले व्यक्तियों को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है
उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूलने पर भी जोर दिया गया
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशीलता एवं सतर्कता बनाए रखने तथा आम जनता के सहयोग से सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की