सीतामढ़ी : आगामी 22 मार्च को पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ बिहार दिवस का आयोजन किया जाएगा इस संबंध में जिलाधिकारी सीतामढ़ी रिची पांडेय द्वारा सभी विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके बिहार दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रातःकाल प्रभात फेरी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी
मुख्य कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय डुमरा हवाई फील्ड में होगा
बिहार दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे तथा सायंकाल भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा
सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश देते हुए कहा है कि स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत एवं लोकगीतों की परंपरा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जा सके
इस अवसर पर कृषि विभाग, डीआरडीए, जिला कल्याण, आरटीपीएस, जीविका, लोक शिकायत निवारण, डाक विभाग, जिला उत्पाद, स्वास्थ्य, श्रम, जिला नियोजन, परिवहन, विद्युत विभाग एवं विभिन्न बैंकों सहित कई विभागों द्वारा विकासात्मक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें आमजन को सरकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया है इनमें विकासात्मक प्रदर्शनी समिति, स्वच्छता एवं साफ-सफाई प्रबंधन समिति, चिकित्सा व्यवस्था समिति, विधि-व्यवस्था समिति, प्रचार-प्रसार समिति, यातायात समिति तथा स्थानीय कलाकार चयन समिति शामिल हैं
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बिहार दिवस को यादगार एवं सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें