मुजफ्फरपुर : बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर समस्त विश्वविद्यालय परिवार एवं प्रदेशवासियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं कुलपति सचिवालय द्वारा जारी संदेश में प्रो. राय ने कहा कि प्रभु श्रीराम केवल एक युग पुरुष नहीं, बल्कि वे भारतीय सांस्कृतिक चेतना और धैर्य के शाश्वत प्रतिमान हैं उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि आज के इस संक्रमण काल में, जब समाज को चारित्रिक दृढ़ता की सर्वाधिक आवश्यकता है, प्रभु राम का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी अविचल रहने और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान होने की प्रेरणा देता है
अपने संदेश में कुलपति प्रो राय ने शिक्षा और संस्कारों के समन्वय पर बल देते हुए कहा कि एक शैक्षणिक संस्थान के रूप में हमारा ध्येय भी यही है कि हम युवाओं में उच्च शिक्षा के साथ उन नैतिक मूल्यों का संचार करें, जो रामराज्य की परिकल्पना का आधार रहे हैं
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में विद्यार्थियों के लिए श्रीराम का आदर्श चरित्र वह आलोक पुंज है, जो उन्हें कठिन चुनौतियों के बीच भी सत्य के मार्ग पर चलने की आत्मशक्ति प्रदान करता है यह महापर्व हमें संकल्प दिलाता है कि हम ज्ञानार्जन के साथ-साथ लोक-कल्याण और मानवीय संवेदनाओं के संरक्षण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं उन्होंने मंगल कामना की कि चैत्र नवरात्रि का यह पावन समापन उत्सव सभी के जीवन में सुख, समृद्धि का संचार करे