मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के कन्हौली टीओपी परिसर में संचालित पुलिस पाठशाला में रविवार का दिन बच्चों के लिए उत्साह, प्रेरणा और नई उम्मीद लेकर आया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत बच्चों को शिक्षा सामग्री, ड्रेस, कंप्यूटर एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा हेतु आरओ वाटर कूलर उपलब्ध कराया गया इस अवसर पर बच्चों को बैंक पासबुक भी वितरित की गई
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसबीआई के चीफ जनरल मैनेजर अनुराग जोशी ने बच्चों को पासबुक सौंपते हुए कहा कि पुलिस पाठशाला जैसी पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है
यहां शिक्षा के साथ बच्चों को बचत और जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाया जा रहा है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा
उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों में एफडी पासबुक देना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से पढ़ने वाले बच्चे आगे चलकर बैंकिंग, प्रशासनिक सेवा एवं अन्य क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान बनाएंगे
पाठशाला में संचालित संचय अभियान के अंतर्गत चल रहे गुल्लक बैंक से जुड़े 100 बच्चों के खाते एसबीआई में खोले गए नियमित बचत करने एवं नियमित रूप से पाठशाला आने वाले 10 बच्चों के खातों में आईपीएस अधिकारी अवधेश सरोज दीक्षित द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक हजार रुपये बोनस राशि जमा कराई गई इस पहल का उद्देश्य बच्चों में बचत की आदत विकसित करना और उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक बनाना है
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी टाउन सुरेश कुमार ने जरूरतमंद छात्रा नेहा कुमारी को दसवीं कक्षा की संपूर्ण पुस्तकें प्रदान कीं
एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती पूजा जोशी ने पुलिस पाठशाला की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित बच्चों के लिए ऐसे प्रयास बदलाव की नई मिसाल बन रहे हैं
सिटी एसपी मुजीबुल अंसारी ने कहा कि पुलिस पाठशाला एक नवाचारी पहल है, जहां पुलिस अधिकारी और जवान स्वयं बच्चों को शिक्षा देकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं
कार्यक्रम का संचालन मानवाधिकार सलाहकार समिति की सदस्य एवं पुलिस पाठशाला की संचालिका नसीमा खातून ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीएसपी विनीता सिन्हा ने किया
इस आयोजन को सफल बनाने में मो. आरिफ, शमीमा खातून, जाहिदा खातून, सोनी परवीन, मुस्कान परवीन, इंदु देवी, रसूलन खातून, जुगनू रेडीमेड गारमेंट के सदस्य, रविशंकर राणा (नाका हवलदार), जितेंद्र जी (नाका प्रभारी), भोला जी सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा