Sunday, August 02 2026

मुजफ्फरपुर डीएम ने की स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा

FIRSTLOOK BIHAR 02:20 AM बिहार

80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन होगाः डीएम

उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण तथा सुचारू यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता; सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध रहेंः जिलाधिकारी ने दिया निदेश

मुजफ्फरपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन ऐतिहासिक पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सिकन्दरपुर में गरिमापूर्ण एवं भव्य रूप से किया जाएगा उन्होंने सभी विभागों के पदाधिकारियों को अपनी-अपनी टीम को निरंतर सक्रिय रखते हुए समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया





जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रोटोकॉल आधारित आयोजन है



ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें उन्होंने मौसम की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था, नियमित पूर्वाभ्यास तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी सभी महादलित-बाहुल्य टोलों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां समुदाय के सबसे वरिष्ठ व्यक्ति द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा इन कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिला स्तर से पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में छह-सदस्यीय समिति तथा विभिन्न क्षेत्रों यथा शिक्षा, खेल, यात्री सुरक्षा, परेड इत्यादि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों के चयन हेतु उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में त्रि-सदस्यीय पुरस्कार चयन समिति गठित करने का निर्देश दिया साथ ही मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा

बैठक में भवन प्रमंडल को रंग-रोगन एवं आधारभूत व्यवस्थाएं, नगर निगम को व्यापक सफाई एवं जलनिकासी, विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं हाईमास्ट लाइटों की कार्यशीलता, सिविल सर्जन को चिकित्सकीय दल एवं एम्बुलेंस, अग्निशमन विभाग को आपातकालीन अग्निशमन व्यवस्था तथा यातायात पुलिस को सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया

संयुक्त परेड का पूर्वाभ्यास 6 से 9 अगस्त तक तथा अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे से पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सिकन्दरपुर में आयोजित किया जाएगा

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण तथा सुचारू यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है

सभी पदाधिकारी इसके लिए पूरी सजगता, तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें

उन्होंने जिलेवासियों से भी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूरे उत्साह से भाग लेने की अपील की

बैठक में नगर आयुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, परीक्ष्यमान आईएएस, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी एवं पश्चिमी), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे

Related Post