मुजफ्फरपुर : ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 में नवनामांकित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन को लेकर विज्ञान संकाय द्वारा एक प्रभावी इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया कार्यक्रम में गणित, भौतिकी, रसायन, वनस्पति विज्ञान एवं जंतु विज्ञान विभाग के अध्यक्षों सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने की
अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने, महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने, प्रत्येक विषय में कम-से-कम 75% उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित ड्रेस कोड में नियमित रूप से कक्षाओं में आने के लिए प्रेरित किया
उन्होंने विद्यार्थियों से NCC, NSS, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया तथा मोबाइल फोन के सीमित एवं सार्थक उपयोग के महत्व को भी समझाया
विज्ञान संकाय के सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विषयों का परिचय देते हुए विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अध्ययन पद्धति तथा भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया सभी वक्ताओं ने सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ प्रायोगिक कार्य को समान रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए प्रयोगशाला आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया
रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर, विभिन्न प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय तथा उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की
गणित विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) एवं चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) विषय पर प्रभावशाली पावरपॉइंट प्रस्तुति एवं व्याख्यान दिया उन्होंने नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों, छात्र-केंद्रित शिक्षा, कौशल विकास, बहुविषयक अध्ययन तथा गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की अवधारणा को विस्तार से समझाया उन्होंने बताया कि CBCS विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं आवश्यकता के अनुसार विषयों के चयन की स्वतंत्रता प्रदान करता है साथ ही क्रेडिट प्रणाली, ग्रेडिंग व्यवस्था, कोर कोर्स, इलेक्टिव, एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (AEC), स्किल एन्हांसमेंट कोर्स (SEC) तथा अन्य पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई
अपने संबोधन में डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों के समग्र विकास, नवाचार, कौशल संवर्धन तथा रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है
भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने विद्यार्थियों को आंतरिक एवं बाह्य परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं शोध के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विपिन कुमार ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न शैक्षणिक सेमिनारों एवं अकादमिक गतिविधियों की जानकारी साझा की
इस अवसर पर NCC पदाधिकारी डॉ. जितेंद्र मिश्रा, NSS पदाधिकारी डॉ संतोष कुमार, राजनीती विभाग अध्यक्ष डॉ अर्चना सिंह, BCA से डॉ. प्रमोद कुमार, श्रीमती जया झां, वर्तिका तिवारी, श्री सुल्तान अली, तथा ऋषभ कुमार, आस्था राज, अंशु कुमार, चन्दन कुमार वालंटियर्स के रूप में उपस्थित रहे कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नई शिक्षा नीति, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा इसे अपने शैक्षणिक जीवन के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं लाभकारी बताया