Friday, May 17 2024

जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बुद्धिजीवी व युवाओं ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125 वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाया

FIRSTLOOK BIHAR 22:41 PM बिहार

मुजफ्फरपुर : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में बड़े ही धूमधाम के साथ मनाई गई। देशवासियों के प्रेरणास्रोत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की अदम्य भावना और निस्वार्थ सेवा को सम्मान करने के लिए उनके 125 वीं जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में सबने मिलकर मनाया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का स्थानीय सांसद अजय निषाद, जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर प्रणव कुमार,स्थानीय विधायक विजेंद्र चौधरी, महापौर सुरेश कुमार, नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय, उप विकास आयुक्त सुनील कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।

जिलाधिकारी प्रणव कुमार के साथ सभी आगंतुक अतिथियों द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई।

नेताजी के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता है : सांसद

स्थानीय सांसद अजय निषाद ने इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जीवनी और कठोर त्याग आज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि देशवासियों के आदर्श एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें शत शत नमन।

नेताजी की देशभक्ति व बलिदान से सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी : डीएम

जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में असाधारण योगदान देने वाले नेता जी हमारे सबसे प्रिय राष्ट्र नायकों में से एक हैं। उनके देश भक्ति और बलिदान से हमें सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उनके साहस और पराक्रम से आने वाली पीढ़ियां भी प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी। उनके कार्य, त्याग , बलिदान हमारे लिए और देश के व युवाओं के लिए अनुकरणीय हैं।

कार्यक्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबंधित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। उक्त कार्यक्रम जिला सामान्य शाखा एवं नेहरू युवा केंद्र मुजफ्फरपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी रश्मि सिंह के द्वारा किया गया।

Related Post