Tuesday, May 21 2024

मुफ्त राशन के बदले राशि वसूल रहे डीलर का वीडियो वायरल, आपूर्ति पदाधिकारी ने की जांच

FIRSTLOOK BIHAR 23:48 PM बिहार

जमुई : बिहार के जमुई जिला के अलीगंज प्रखंड अंतर्गत कोल्हाना पंचायत के बारा गांव में जन वितरण विक्रेता रामाशीष सिंह द्वारा लाभुकों के साथ मनमानी की जा रही थी और मुफ्त राशन की कीमत वसूल की जा रही थी। डिजिटल जमाने का सदुपयोग करते हुए उपभोक्ताओं ने डीलर की करतूत को मोबाइल में कैद कर लिया और इसकी शिकायत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से लेकर अनुमंडल पदाधिकारी तक पहुंचा दी है। शिकायत के उपरांत शनिवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार ने बारा और सोलहपुर गांव पहुंचकर मामले की जांच की है। सोलहपुर गांव निवासी दुखी मांझी, मथुरा मांझी, चंदर मांझी, अंछी देवी सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि डीलर रामाशीष सिंह द्वारा राशन की कीमत वसूल की जा रही है। बताया गया कि एक महीना का ही अनाज मुफ्त में देने का आदेश आया है। दूसरे माह के खाद्यान्न की राशि भुगतान करनी होगी। अज्ञानता के कारण उन लोगों ने राशि का भुगतान कर अनाज उठाव कर लिया लेकिन एक युवक ने अनाज के बदले राशि वसूलने का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया है। अब कैमरे में रुपया वसूली कैद होने के बाद संबंधित जन वितरण विक्रेता की बेचैनी और मुश्किलें बढ़ गई है। देखने वाली बात यह है कि आपदा को खुद के लिए अवसर में बदलने वाले जन वितरण विक्रेता के विरुद्ध क्या कार्रवाई होती है। वैसे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने अनाज के बदले राशि वसूली मामले में डीलर के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की बात कही है। यहां बता दें कि जन वितरण विक्रेता राम आशीष सिंह के विरुद्ध पहले भी कई बार अनियमितता के आरोप लगते रहे हैं। सरकारी अनाज की कालाबाजारी के लिए अलीगंज प्रखंड में विख्यात भी रहा है।

मुफ्त खाद्यान्न की कीमत वसूलने का वीडियो उन्हें भी प्राप्त हुआ है। मामले की जांच भी हो गई है और उन्हें रिपोर्ट भी मिल गया है। संबंधित जन वितरण विक्रेता की अनुज्ञप्ति रद्द की जाएगी। प्रतिभा रानी अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई।

Related Post