Tuesday, May 21 2024

दरवाजा खोलने के विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या

FIRSTLOOK BIHAR 22:59 PM बिहार

गोह (औरंगाबाद ) : गोह थाना क्षेत्र के कुरमाइन गांव में रविवार की दोपहर भूमि विवाद को लेकर लाठी डंडे से पीट-पीटकर जगदीश राम की पत्नी मीना देवी (43 वर्ष) की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस गांव पहुंचकर मामले की तहकीकात की। जैसे ही पुलिस अस्पताल पहुंची परिजनों का आक्रोश भड़क गया। किसी तरह समझाने के बाद परिजन शांत हुए।

ग्रामीणों के अनुसार बताया गया कि मृतका मीना देवी अपने घर के बाहर दरवाजा लगा रही थी कि बगल के हलखोरी मिस्त्री के पुत्र राम प्रवेश शर्मा एवं उसके दामाद गया जिले के आंती थाना क्षेत्र के कराई गांव निवासी रंजीत शर्मा दोनों मिलकर दरवाजा लगाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। रिश्ते में ससुर और दामाद ने मिलकर महिला की पिटाई लाठी और डंडे से कर दी। पिटाई से घायल महिला को इलाज के लिए परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोह लाया। जहां चिकित्सक डॉ. रणविजय कुमार सिन्हा ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में मृतक के पति जगदीश राम ने थाना में ससुर रामप्रवेश शर्मा एवं दामाद रंजीत शर्मा के साथ दो अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। घटना के बाद अभियुक्त घर से फरार हो गए हैं। बताया गया कि पुलिस रंजीत को हिरासत में ले लिया है। हालांकि थानाध्यक्ष मामले में किसी को हिरासत में लेने की बात से इंकार किया है।

Related Post