Friday, May 17 2024

उम्र कैद की सजा प्राप्त बक्सर का गैंगस्टर सुधीर दूबे पंजाब के होटल से गिरफ्तार

FIRSTLOOK BIHAR 21:44 PM खास खबर

जमशेदपुर में हुए गैंगवार के बाद से चल रहा था फरार

बक्सर: जमशेदपुर में कभी अखिलेश सिंह गिरोह के सदस्य रहे तथा वर्तमान में अपना गैंग चला रहे बक्सर के सुधीर दूबे को पंजाब में गिरफ्तार कर लिया गया है। झारखंड तथा पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस को यह कामयाबी पंजाब के संगरौल में मिली है, जहां एक होटल में सुधीर दूबे छिपकर रह रहा था। होटल में छिपे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सुधीर दूबे पर हत्या, रंगदारी आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, जिनमें उसे आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई गई है। जिसमें सुधीर जमानत पर था लेकिन, अप्रैल 2020 में हुए गैंगवार में नाम आने के बाद वह फरार हो गया था।

जमशेदपुर गैंगवार की घटना से था फरार

मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 के 29 अप्रैल को जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत नीति बाग कॉलोनी गेट पर अखिलेश गिरोह के करीब 40 से अधिक अपराधी सुधीर सिंह के भाई पर हमला करने पहुंचे थे। वहां सुधीर दूबे गैंग के लोगों ने भी जवाबी हमला किया था। मुठभेड़ में अखिलेश सिंह गिरोह के शार्प शूटर कन्हैया सिंह, सचिन, विक्रम, सोमनाथ, अंशु चौहान, राजकुमार और सोनू नामक अपराधी घायल हुए थे। बताया जाता है कि सुधीर दूबे गैंग ने कार्बाइन से हमला किया था। इस मामले में 13 लोगों को अभियुक्त बनाया गया था, जिनमें से कुछ को गिरफ्तार कर लिया गया था वहीं, कुछ ने आत्मसमर्पण किया था। उस मुठभेड़ के बाद सुधीर दूबे लगातार फरार चल रहा था।

झारखंड पुलिस को मिली थी पंजाब के होटल में छिपे होने की जानकारी

इस बीच झारखंड पुलिस को उसके पंजाब के संगरौल स्थित एक होटल में छिपे होने की जानकारी मिलते ही पंजाब पुलिस के सहयोग से गुरुवार की रात 1 बजे के करीब होटल की घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज करती नजर आ रही है।

हत्यारोपित सुधीर को हुई थी उम्र कैद की सजा

सुधीर दूबे मूल रूप से बक्सर जिले के कृष्णाब्रम्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिया-ढकाइच का निवासी है। जमशेदपुर के सोनारी निवासी अमित राय की हत्या में पुलिस ने उसे भोजपुर जिला के शाहपुर से 24 दिसंबर 2016 को गिरफ्तार किया था। 17 अक्टूबर 2019 को हजारीबाग जेल से वह जमानत पर रिहा हुआ था। बाद में केस की सुनवाई पर अमित राय की हत्या में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इसमें अपील के आधार पर फिलहाल वह जमानत पर है। लेकिन गत वर्ष जमशेदपुर गैंगवार की घटना के बाद वह फरार हो गया था। सुधीर के विरुद्ध सेवानिवृत जज आरपी रवि पर साकची जेल चौक पर फायरिंग, अमित राय पर साकची में फायरिंग, सोनारी में हत्या समेत अन्य मामले दर्ज है। सुधीर दूबे गैंग का प्रतिद्वंदी अखिलेश सिंह भी मूल रूप से बक्सर जिले के सिमरी थाना के नगवा धनंजयपुर गांव का रहनेवाला है।

Related Post