Friday, May 17 2024

विश्व में लोकतंत्र की प्रथम जननी वैशाली की जनता का फैसला! पत्नी को मुखिया और पति को सौंपा सरपंच का ताज

FIRSTLOOK BIHAR 23:21 PM बिहार

पत्नी करेंगी विकास का काम और पति न्यायिक फैसला

वैशाली : पूरे विश्व को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने वाली और लोकतंत्र की प्रथम जननी बिहार के वैशाली की जनता त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में एक अनूठे फैसले से सबको चकित कर दिया है। वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत सैदपुर गणेश पंचायत की जनता ने अपने मताधिकार का उपयोग कर एक परिवार और पति–पत्नी पर ही भरोसा जताया है। पंचायत की मतदाताओं के फैसले के अनुसार अब पंचायत की तरक्की (मुखिया) का जिम्मा पत्नी का होगा, जबकि पति के जिम्मे (सरपंच) लोगों को न्याय दिलाना होगा।

बिदुपुर प्रखंड के सैदपुर गणेश पंचायत की जनता ने दिया है फैसला

मंगलवार की सुबह बिदुपुर प्रखंड में शुरू हुए मतगणना के बाद आये रिजल्ट से पंचायत की जनता का यह फैसला सामने आया है। बिदुपुर प्रखंड का सैदपुर गणेश एक नंबर पंचायत है। यहीं से पंचायत चुनाव का मतगणना शुरू होती है। पहले ही फैसले ने ना सिर्फ लोगों को चौंका दिया बल्कि लोगों को चर्चा करने पर मजबूर कर दिया। यहां वर्तमान मुखिया कमल कुमार को हार का सामना करना पड़ा है।

बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी का है निर्वाचन क्षेत्र

पंचायत चुनाव में अनूठा फैसला देने वाला बिदुपुर प्रखंड का सैदपुर गणेश पंचायत बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता व पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव का निर्वाचन क्षेत्र है। लालू राबड़ी यहां से चुनाव जीतकर डेढ़ दशक तक मुख्यमंत्री रहे। यदुवंशियों के गढ़ रहे राघोपुर विधानसभा के बिदुपुर प्रखंड का सैदपुर गणेश पंचायत ने यदुवंशियों को ही चुना है। जीतने वाले पति–पत्नी और हारने वाले निवर्तमान मुखिया भी यदुवंशी ही है।

एक ही दरवाजे पर विकास की योजना व न्याय का फैसला

पत्नी सरोज देवी को मुखिया एवं पति प्रवीण कुमार को सरपंच का ताज सौंपने वाले पंचायत के लोगों के इस अनूठे फैसले के पीछे सोच यह है कि उन्हें तरक्की एवं न्याय के लिए दो अलग-अलग दरवाजे पर नहीं जाना पड़ेगा। पंचायत की तरक्की एवं न्याय दोनों का फैसला अब एक ही दरवाजे से हो जाएगा।

दोनों जनता के इस विश्वास पर खरे उतरेंगे

बिदुपुर के सैदपुर गणेश पंचायत से सरोज देवी पहले भी मुखिया रह चुकी हैं। पंचायत की जनता ने दूसरी बार उन पर भरोसा जताया है। वहीं उनके पति प्रवीण कुमार पहली बार सरपंच चुने गए हैं। अपनी जीत के बाद सरोज देवी एवं प्रवीण कुमार ने कहा है कि पंचायत की जनता ने उन दोनों पर भरोसा जताया है। दोनों की पूरी कोशिश होगी कि लोगों के विश्वास पर खरे उतरें। दोनों मिलकर पूरी निष्ठा के साथ पंचायत की जनता की सेवा करेंगे और तरक्की के साथ लोगों को न्याय दिलाएंगे।

Related Post