पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लंबे समय से प्रधान सचिव रहे चंचल कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। वे नेशनल हाईवे और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के एमडी बनेंगे। यह पद सड़क परिवहन मंत्रालय में एडीशनल सेक्रेट्री रैंक का है।
13 आईएएस को केंद्र के विभिन्न मंत्रालयों में मिलेगी जिम्मेवारी
केंद्र सरकार की नियुक्ति संबंधी कैबिनेट कमिटी ने इस पर मुहर लगा देने के साथ इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है। केंद्र की नियुक्ति कमेटी ने कुल 13 आईएएस अधिकारियों को केंद्र के विभिन्न मंत्रालयों में नियुक्ति के लिए स्वीकृति दी है।
गौरतलब है की आई आई टी कानपुर से एमटेक चंचल कुमार 1992 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब रेल मंत्री (1998-99) थे , तब से ही वे उनके साथ हैं। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद पर इनकी तैनाती सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। बिहार में कई योजनाओं को लागू करने के पीछे इनका दिमाग माना जाता है।
इनके बारे में कहा जाता है कि वे ब्यूरोक्रेट के साथ अच्छे टेक्नोक्रेट भी हैं। मंत्री भी इनसे संभलकर ही रहना चाहते हैं। उदाहरण के तौर पर सितम्बर 2019 तक मंत्री (तत्कालीन) महेश्वर हजारी के पास आवास मंत्रालय भी था। इस विभाग के सचिव चंचल कुमार थे। हजारी और चंचल के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हो गया तो मंत्री हजारी को ही शिफ्ट कर दिया गया। चंचल कुमार का बाल बांका तक नहीं हुआ। चंचल कुमार कुछ समय पहले से ही बिहार से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने को लेकर प्रयासरत थे। केंद्र से हरी झंडी मिलने के बाद अब बिहार की सरकार जल्द ही उन्हें यहां से विरमित करेगी।